औड़िहार/ खानपुर। खानपुर थाना क्षेत्र के उसरहां गांव स्थित पोखरे में बुधवार को दोस्तों के साथ स्नान कर रहे बालक की डूबकर मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
उसरहां गांव निवासी पवन पाल (9) दोपहर में परिजनों को बिना बताए दोस्त छोटू के साथ पोखरे में स्नान करने चला गया। वहां पहले से कुछ और युवक नहा रहे थे। स्नान करते समय दोनों बच्चे गहरे पानी में डूबने लगे। उन्हें डूबता देख युवकों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। घटना स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने पोखरे में उतरकर किसी तरह छोटू को तो बचा लिया, जबकि पवन डूब गया। आधे घंटे बाद ग्रामीणों ने अचेतावस्था में पवन को पानी से बाहर निकाला। उसे औड़िहार स्थित निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। वहां से सीएचसी सैदपुर लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक छोटू का निजी नर्सिंग होम में उपचार कराकर घर पहुंचा दिया गया। पवन दो भाइयों में छोटा था। पुत्र की मौत की खबर मिलते ही माता रेखा और पिता सुभाष का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। खानपुर थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है।