गाजीपुर। महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ईएनटी विभाग में बेटी का उपचार कराने पहुंचे तीमारदार दंपती पर लाठी बरसाने के आरोपी बाउंसर को पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम गिरफ्तार कर लिया। बीते 23 मई को तीमारदार दंपती व बेटी को पीटने का वीडियो वायरल हुआ था। घटना के दूसरे दिन, बीते 24 मई को एमएलसी विशाल सिंह चंचल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे थे और घटना की जानकारी लेने के साथ कोतवाल को बाउंसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई व गिरफ्तारी का निर्देश दिया था।
कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित ताड़ीघाट निवासी मनोज यादव ने तहरीर देकर बताया था कि वह पत्नी के साथ चार वर्षीय बेटी को लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ईएनटी विभाग में उपचार के लिए पहुंचे थे। बेटी के कान में चना चला गया था, जिससे वह परेशान थी। ईएनटी विभाग में तैनात चिकित्सक ने सफाई कराने को कहा था। जब कान की सफाई कराकर पहुंचे तो दवा लिख दी गई। इसके बाद दवा कैसे देनी है, यह पूछने पहुंचे तो बाउंसर अभिमन्यु सिंह ने रोक दिया। इसके बाद जब वह घर वापस जाने लगे तो बाउंसर ने पीछे से डंडे से हमला कर दिया था, जिससे पीड़ित मनोज यादव, उनकी पत्नी और बेटी को चोट आई थी। यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
कोतवाल ने बताया कि आरोपी बाउंसर अभिमन्यु सिंह को उसके घर गहमर से गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के साथ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।