राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत बुधवार को जिले के सभी 25 राजकीय विद्यालयों का पुस्तक मेला राजकीय सिटी इंटर कालेज परिसर में लगाया गया। उद्घाटन जिला विद्यालय निरीक्षक हृदयराम आजाद ने फीता काटकर किया। मेले में हिंदी-अंग्रेजी शब्दकोष, व्याकरण, कंप्यूटर, कहानियां, महापुरुषों की जीवनी, भारतीय विज्ञान की कहानी, भारतीय लोकगीत, प्रेरक बाल कथाएं, प्राणायाम एवं योगासन, ऊर्दू-हिंदी-अंग्रेजी शब्दकोष जैसी पुस्तकें उपलब्ध रहीं जिन्हें देखने और खरीदने के लिए जिज्ञासुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि इस तरह का यह पहला मेला है। इसमें उपलब्ध पुस्तकें काफी उपयोगी है। प्रधानाचार्य इन पुस्तकों को क्रय कर स्वयं एवं स्टाफ सहित छात्र-छात्राओं को लाभान्वित कर सकते हैं।
मेले में न्यू आस्था प्रकाशन लखनऊ, अर्चना पब्लिकेशन दिल्ली, राजकमल प्रकाशन समूह और लोक भारतीय प्रकाशन इलाहाबाद तथा वर्चुवस पब्लिकेशन नोएडा का प्रकाशकों ने हाईस्कूल और इंटर के पाठ्यक्रम से जुड़ी पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई। मेले में उपस्थित हाईस्कूल के प्रधानाचार्यों ने तीन-तीन हजार और इंटर के प्रधानाचार्यों ने चार-चार हजार की पुस्तकेें क्रय की। इन पुस्तकों का बिल सभी प्रधानाचार्यों ने तीन सदस्यीय गठित समिति के समक्ष उपलब्ध कराया, जिसका भुगतान विभाग की तरफ से उपलब्ध बजट से कराया जाएगा।
मेले में राजकीय बालिका इंटर कालेज मुहम्मदाबाद की छात्राओं ने भाग लेकर खरीदारी की। क्रय समिति के सदस्य एवं राजकीय हाईस्कूल सौरी के प्रधानाचार्य रामअवतार यादव, सहायक एवं वित्त लेखाधिकारी आशीष कुमार श्रीवास्तव और राजकीय बालिका इंटर कालेज के प्रधानाचार्या मालविका सिंह ने मेले में क्रय की गई पुस्तकों का लेखा-जोखा तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य स्वामीनाथ निगम, उर्मिला चौबे, प्रमिला चौबे, कमला सिंह, शमा द्विवेदी, नरेंद्र कौर, ऊषा कुशवाहा, आशा कुशवाहा, शिवानंद सिंह यादव, सनातन गहलौत, अर्चना गुप्त, विभा श्रीवास्तव, गजाला परवीन, राजेश, नीरा श्रीवास्तव, सूर्यमति, सावित्री जैसवार, रघुवर सिंह यादव, विसर्जन आिद मौजूद रहे।