भदौरा स्थित बड़ी पुलिया के पास शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों से पूछताछ करते पुलिसकर्मी। संवाद
सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र के भदौरा-दिलदारनगर मुख्य मार्ग पर सोमवार की सुबह कुछ ग्रामीण टहल रहे थे। इसी दौरान उनको भदौरा स्थित बड़ी पुलिया के पास नहर में एक व्यक्ति का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। गहमर कोतवाली प्रभारी नंदकुमार तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचने के बाद शव की तलाशी ली गई, इसके बाद उसके कपड़ों से एक फोन मिला। पुलिस के एक नंबर पर फोन करने पर बिहार के नुआंव थाना क्षेत्र के जैतपुरा गांव निवासी अर्जुन कुमार गुप्ता से बात हुई, जिसके बाद उसे घटना की जानकारी दी गई।
अर्जुन कुमार गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर जानकारी दी कि भदौरा स्थित कोल्ड स्टोर के पास उसका मकान बन रहा है। प्रदेश के बुलंदशहर जनपद के आजमपुर गांव के रहने वाले जीजा कुंवर पाल सिंह (45) कुछ दिनों से निर्माणाधीन मकान की देखभाल के लिए आए हुए थे। कुंवर पाल सिंह एक प्राइवेट कंपनी में काम कर परिवार का जीविकोपार्जन करते थे। मृतक की पत्नी रंजू देवी दो पुत्रियों व एक पुत्र के साथ मायके में ही रह रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी और संतान रो-रोकर बेहाल है। गहमर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि, फिलहाल मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई है, यह बता पाना मुश्किल है। इसके लिए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
भदौरा स्थित बड़ी पुलिया के पास शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों से पूछताछ करते पुलिसकर्मी। संवाद