गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि एक जनवरी 2026 के आधार पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 कार्यक्रम के तहत 18 जनवरी को जिले की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियां पढ़ी जाएंगी। यह कार्यवाही जनपद के सभी 3378 मतदेय स्थलों पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी (विरा) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि इस दौरान मतदाता सूची में दर्ज नामों का सत्यापन किया जाएगा। साथ ही नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन से संबंधित दावे और आपत्तियां भी मौके पर ही प्राप्त की जाएंगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत प्रारूप-06 से नए मतदाता का नाम जोड़ा जाएगा, प्रारूप-07 से नाम विलोपन (मृतक, शिफ्टेड या अपात्र मतदाता) किया जाएगा, जबकि प्रारूप-08 से नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में संशोधन कराया जा सकेगा। इसके लिए सभी बीएलओ को पर्याप्त संख्या में फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं।