गाजीपुर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार के कारण जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं भी बाधित हुई है। इसमें ब्लड बैंकों के सुगम संचालन में भी बाधा आई है। जिला अस्पताल के ब्लड में खून की बेहद कमी हो गई है। लॉकडाउन के मद्देनजर रक्तदान शिविर का आयोजन संभव नहीं है। इसके लिए रक्तदाताओं से आगे आने की अपील की जा रही है। इधर, शासन स्तर पर भी इस कमी को महसूस करते हुए विशेष फरमान जारी किया गया है। इस संकटकाल में रक्तदान करने वालों को विशेष सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. हर्षवर्धन ने सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रालय को ब्लड बैंकों के कुशल क्रियान्वयन के संबंध में एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि रक्त का उपलब्ध कराया जाना कई कारणों से आवश्यक है। स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा दिया जाए। रक्तदान करने वालों को क्रमबद्ध तरीके से आने और रक्तदान करने के लिए कहा गया है। रक्तदान केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग नियमों का पालन किए जाने की बात कही गई है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. नेसार अहमद ने बताया कि स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं के आवागमन में दिक्कत नहीं हो, इसके लिए उन्हें पास मुहैया कराया जाएगा। कोरोना संकटकाल में रक्तदान करने वाले इन रक्तवीरों को रक्तदान से संबंधित विशेष सर्टिफिकेट भी प्रदान कराए जाने की सलाह दी गई है। ब्लड बैंक के वीबीडी साकेत सिंह ने बताया कि सभी सुरक्षा नियमों का पालन किया जाएगा। हाथों की धुलाई, रक्तदान करने वाले क्षेत्र की नियमित सफाई, डोनर के लिए जीवाणु रहित सामग्रियां व एंटीसेप्टिक क्लीनर की व्यवस्था की गई है।