पंचायत के दूसरे दौर के चुनाव की तैयारी जोरशोर से चल रही है। जिला मजिस्ट्रेट-जिला निर्वाचन अधिकारी की तरफ से ग्राम पंचायत के प्रधान एवं ग्राम पंचायत सदस्य के चुनाव के लिए निर्वाचन एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं।
ग्राम पंचायत के प्रधान एवं सदस्य पद का चुनाव जिले में 28 नवंबर, पहली दिसंबर, पांच एवं नौ दिसंबर को कराया जाएगा। चार चरणों में विकासखंडवार होने वाले चुनाव के लिए निर्वाचन एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक शिवपूजन द्विवेदी को सैदपुर, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमित प्रताप सिंह को सादात, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीनानाथ राम जखनिया, चकबंदी अधिकारी प्रेमप्रकाश भारती को मनिहारी एवं भू-संरक्षण अधिकारी बृजेश सिंह को रेवतीपुर का निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी रमेशचन्द्र को भदौरा, जिला विकलांग कल्याण अधिकारी राजेश कुमार मिश्र सदर, उप संभागीय विपणन अधिकारी अनूप श्रीवास्तव को जमानिया तथा जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक सुभाषचन्द्र यादव को देवकली का निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बताया कि जिला उद्यान अधिकारी संजीव कुमार वर्मा को करंडा, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी इन्द्रसेन सरोज को बिरनो, जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार प्रजापति मरदह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. सुरेन्द्र प्रसाद यादव को भांवरकोल तथा उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी सतेन्द्र प्रताप सिंह कासिमाबाद, भू-संरक्षण अधिकारी वीके सिंह को मुहम्मदाबाद तथा चकबंदी अधिकारी धीरेंद्र कुमार शुक्ल को बाराचंवर का निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। सात निर्वाचन अधिकारी आरक्षित हैं। इसके अलावा 193 सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। बताया गया है कि सभी नियुक्त निर्वाचन एवं सहायक निर्वाचन अधिकारियों का प्रशिक्षण 10 नवंबर को सुबह 11 बजे से पीजी कालेज के सभागार में आयोजित किया गया है।