कासिमाबाद (गाजीपुर)। स्थानीय ब्लाक सभागार में सोमवार को निर्वाचन कार्य में लगे एक बीएलओ से विवाद के बाद उसे जान से मारने की धमकी देने के विरोध में वहां कार्य कर रहे सभी बीएलओ ने कार्य ठप कर दिया। कोतवाली में प्रदर्शन कर एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य, पूर्व प्रधान सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। बाद में शेखनपुर बीएलओ की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता सूची से नाम हटाने और बढ़ाने का कार्य चल रहा है। सोमवार सुबह 10 बजे कासिमाबाद ब्लाक के सभी बीएलओ ब्लाक सभागार में तहसीलदार विराग पांडेय के नेतृत्व में निर्वाचन संबंधी कार्य कर रहे थे। बीएलओ का आरोप है कि साढ़े 12 बजे शेखनपुर बीएलओ को खोजते हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनुराग सिंह सभागार में आए। वहां बीएलओ की शिकायत करते हुए वे हंगामा करने लगे। लोगों ने समझाकर उन्हें शांत करा दिया। इसके बाद बीएलओ फिर काम करने लगे। इसी बीच तहसीलदार विराग पांडेय सभागार से बाहर निकले तो शेखनपुर के पूर्व प्रधान भूपेंद्र सिंह एवं उनका पुत्र आलोक सिंह उनसे उलझ गए। आरोप है कि भूपेंद्र सिंह अपने गांव की मतदाता सूची में नाम बढ़ाने आदि को लेकर बीएलओ जयप्रकाश राम की शिकायत तहसीलदार से की और उनसे उलझ गए। बात बढ़ते देख वहां पुलिस बुला ली गई। इसके बाद सभी बीएलओ ने काम बंद कर दिया और नारेबाजी करते कोतवाली पहुंच गए। कुछ देर बाद एसडीएम भारत भार्गव व तहसीलदार विराग पांडेय के साथ खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार भी कोतवाली पहुंचे और बीएलओ को शांत कराया। बीएलओ शेखनपुर जयप्रकाश राम की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद मामला शांत हुआ।
कोट
सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय खजुहां बीएलओ जयप्रकाश राम की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। - श्यामजी यादव, प्रभारी निरीक्षक।