सुहवल थाना के डुहिया गांव में आग लगने से जला सामान।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। सोमवार की रात जंगीपुर थाना क्षेत्र के गुम्मा में झोपड़ी और सुहवल थाना क्षेत्र के डुहिया गांव में खाना बनाते समय गैस रिसाव से पक्का मकान में आग लग गई। इस दौरान दोनों सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गए। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। आग की इस घटना में 57 हजार नगदी के साथ ही हजारों का गहना और गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया।
जंगीपुर संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के गुम्मा गांव की दलित बस्ती निवासी राजेश राम की बहन सोमवार की रात करीब नौ बजे झोपड़ी में खाना बना रही थी। इसी दौरान गैस रिसाव से पाइप में आग लग गई। वह झोपड़ी से भागकर बाहर आई और आग-आग का शोर मचाने लगी। इसी बीच आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसी बीच तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित राजेश ने बताया कि इस घटना में घर बनवाने के लिए रखा 45 हजार, लगभग 50 हजार का गहना के साथ ही गृहस्थी का हजारों का सामान जलकर नष्ट हो गया। सुहवल/मतसा संवाददाता के अनुसार, सुहवल थाना क्षेत्र के डुहिया गांव निवासी पेबारू बिंद के दो मंजिला पक्के मकान में सोमवार की रात करीब आठ बजे खाना बनाते समय गैस रिसाव की वजह से आग लग गई। परिवार के लोग किसी तरह मकान से बाहर निकले। उनके द्वारा शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस और दमकल विभाग को दी। तब तक आग की तेज लपटें उठने लगी और गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे ग्रामीण सहम गए। धमाका से सीमेंट का टिनशेड उड़ने के साथ ही मकान की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई। कुछ ही देर में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के सहयोग से तीन घंटा बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित ने बताया कि आग की इस घटना में 12 हजार नगदी, हजारों के आभूषण सहित हजारों का गृहस्थी का सामान आग की भेंट चढ़ गया। बताया कि घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी है।