बिजली आपूर्ति एवं सड़क मरम्मत के लिए जंगीपुर में चल रहे आंदोलन का समर्थन कर रहे शिक्षक डॉ. ओमप्रकाश सिंह की गिरफ्तारी के बाद उनके साथ पुलिस की ओर से की गई बर्बर पिटाई को लेकर स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर
महाविद्यालय के शिक्षकों में जबरदस्त आक्रोश है। इस घटना के विरोध में शिक्षकों ने शुक्रवार को काली पट्टी बांध कर नाराजगी जताई। शिक्षकों ने पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच कराने की मांग की है।
स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में काली पट्टी बांध कर विरोध करते हुए शिक्षकों ने कहा कि डॉ. ओमप्रकाश सिंह के ऊपर लगाए गए सभी आरोप गलत हैं। बैठक में पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ जौनपुर के महामंत्री डा.
बद्रीनाथ सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में तत्पर संघर्षशील शिक्षक डॉ. ओमप्रकाश के साथ की गई कार्रवाई दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके ऊपर लगाए गए आरोप गलत हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के गाजीपुर इकाई के प्रमुख
रामानुज सिंह ने घटना की निंदा की। कहा कि जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन कर रहे लोगों पर स्वतंत्रता दिवस के दिन बर्बर लाठीचार्ज कर लोकतंत्र की हत्या की गई है। बैठक की अध्यक्षता डॉ. अशोक राय ने की। इस मौके पर डॉ.
रवींद्रनाथ राय, प्रो. एएन राय,प्रो. अजयराय, रामधारी राम, डॉ विलोक सिंह, संजय चतुर्वेदी, डॉ. एके पांडेय, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, सतीश पांडेय, अभय कुमार मालवीय, विजयकुमार ओझा, डॉ. कंचन सिंह, रामानुज राय, आशीष राय आदि
मौजूद रहे।