रेवतीपुर थाना क्षेत्र के साईतबांध गांव के पास ताड़ीघाट-बारा नेशनल हाईवे पर गिराई गई गिट्टी में फिसल पर शुक्रवार की रात एक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अचेत अवस्था में तीनों युवकों को ग्रामीण उपचार के लिए सीएचसी लेकर आए जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इधर हालत गंभीर होने पर एक युवक को चिकित्सक ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
सुहवल गांव निवासी दीपक राम (24), विनय मद्धेशिया (25) और अखिलेश यादव (23) एक ही बाइक पर गोपालपुर गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। साईतबांध गांव के सामने ताड़ीघाट-बारा नेशनल हाईवे पर गिराई गई गिट्टी पर बाइक फिसलकर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होने के साथ सड़क पर अचेतवस्था में पड़े थे। आस-पास के ग्रामीण घटना की जानकारी पुलिस को देने के साथ घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए जहां डॉक्टरों ने उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर दिया। विनय मद्धेशिया की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। घायल युवकों के पास से मिले मोबाइल से पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी। ग्रामीणों ने बताया कि बीच हाईवे पर मरम्मत के नाम पर बेतरतीब तरीके से पिछले कई दिनों से गिराई गई गिट्टी के कारण यातायात व्यवस्था चरमराने के साथ ही जाम लग रहा है। लोगों ने इसको जल्द हटाने के लिए प्रशासन और संबंधित विभाग को चेताया है, जिससे हादसों पर अंकुश लग सके। बताया कि इसके पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की मौत हो चुकी है। थानाध्यक्ष पन्नेलाल ने बताया कि किसके द्वारा गिट्टी गिराई गई है यह पता किया जा रहा है। जल्द ही हटवा दिया जाएगा।