नंदगंज थाना क्षेत्र के मुस्लिमपुर गांव के पास हुए सड़क हादसे के बाद परिजनों से पूछताछ करती पुलिस?
- फोटो : GHAZIPUR
नंदगंज। थाना क्षेत्र के मुस्लिमपुर गांव के पास शुक्रवार की दोपहर अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक सवार जा रहे पिता की मौत हो गई और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद जब-तक ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचते चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुत्र को उपचार के लिए न्यू पीएचसी लाया गया। उसकी तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर चिह्नित करने का क्रम शुरू कर दिया।
पचरासी गांव निवासी फूलचंद्र राम (55) छोटे पुत्र धर्मेंद्र राम के साथ पहाड़पुर चौराहे पर सामान लेने गए थे। दुकान से सामान खरीदने के बाद दोनों बाइक से घर वापस आ रहे थे। इसी दौरान मुस्लिमपुर गांव के पास वाराणसी से गाजीपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में धक्का मार दिया। बाइक सवार पिता-पुत्र दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आस-पास के लोग घटना स्थल के तरफ दौड़ पड़े। तब- तक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। दोनों घायलों को ग्रामीण उपचार के लिए न्यू पीएचसी लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने पिता फूलचंद्र राम को मृत घोषित कर दिया। जबकि पुत्र का इलाज चल रहा है। इधर दुर्घटना की जानकारी होते ही मृतक की पत्नी लचिया देवी परिजनों के साथ पहुंची और शव देख रोने- बिलखने लगी। गांव की महिलाओं ने किसी तरह सात्वंना देकर उन्हें शांत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के घायलपुत्र धर्मेंद्र राम की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर चिन्हित करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही वाहन को चिह्नित कर चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।