गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के चोचकपुर गांव के पास बृहस्पतिवार की रात तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। मृतक के पिता ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ट्रक को चिह्नित करने में जुटी है।
मैनपुर गांव निवासी संदीप सिंह (18) बाइक पर गांव के पीयूष सिंह को बैठाकर चोचकपुर से घर आ रहा था। तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में धक्का मार दिया। जबतक आस-पास के लोग घटना स्थल पर पहुंचते चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। जानकारी मिलने पर पहुंचे परिवार के लोग दोनों घायलाें को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर आए। जहां डॉक्टरों ने संदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया।
हालत गंभीर होने पर पीयूष सिंह को उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। मृतक के पिता सत्यनारायण सिंह ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। थानाध्यक्ष दिनेशचंद्र पटेल ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर ट्रक को चिह्नित किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।