सुहवल। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के ताड़ीघाट-बारा हाईवे स्थित स्थानीय गांव की पुलिया के पास गड्ढे में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सराफा व्यवसायी की मौत हो गई।
त्रिलोकपुर गांव निवासी शैलेंद्र वर्मा (27) करीब पांच वर्ष से गहमर कोतवाली क्षेत्र के पथरा गांव में मकान बनाकर अपने परिवार के साथ रहता था। साथ ही गहमर में उसकी सराफा की दुकान थी। वह बाइक से महराजगंज स्थित ससुराल किसी काम से गया हुआ था। देर शाम वह गहमर के पथरा गांव वापस लौट रहा था। रेवतीपुर गांव स्थित थाने के सामने पुलिया के पास गड्ढे में बाइक पड़ने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में बाइक सवार सराफा व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद राहगीरों एवं ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। मृतक के पिता सुरेश वर्मा, मां मुन्नी देवी, मृतक की पत्नी सुमन अपने एक वर्ष के मासूम गोलू को गोद लेकर बिलखने लगी। इस संबंध में रेवतीपुर थानाध्यक्ष पन्ने लाल ने बताया कि शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।