गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र के एक निजी कॉलेज तिराहे के पास बृहस्पतिवार को ओवरटेक करते समय बाइक पिकअप से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार राकेश कुशवाहा (42) की मौके पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष संतोष पाठक ने बताया कि हुंड़रही गांव निवासी राकेश कुशवाहा गाजीपुर शहर आए थे। शाम करीब छह बजे घर लौटते समय एक वाहन को ओवरटेक करते समय पिकअप से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे में राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे कठवामोड चौकी इंचार्ज अविनाश मणि तिवारी शव को कब्जे में ले लिया और उनके परिजनों को हादसे की जानकारी दी।
इधर, हादसे की खबर मिलते ही परिजन बदहवास होकर घटना स्थल पर पहुंचे। परिजनों के पहुंचने पर विधिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, पिकअप की तलाश की जा रही है।