जमानिया। जमानिया-दिलदारनगर मार्ग स्थित कसेरा पोखरा गांव के पास सोमवार देर रात सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर घुस गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह मौसेरी बहन की शादी की तैयारियां देखकर घर लौट रहा था।
सराय मुराद अली निवासी विजय कुमार (18) की मौसेरी बहन और चचेरे भाई भाई की शादी मंगलवार को थी। युवक रात में अपनी मौसी के घर करमा गांव गया था। जहां से मौसेरी बहन की शादी की तैयारियां देखकर बाइक से घर लौट रहा था। कसेरा पोखरा के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर से तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक टकरा गई। हादसे में विजय गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद विवाह की खुशियां मातम में बदल गईं। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई की जा रही है।