शहर में हो रही बारिश के दौरान कार से भरत मिलाप की लीला का मंचन करने के लिए जाते कलाकार। संवाद
गाजीपुर। शुक्रवार काे दोपहर से शुरू हुई बारिश ने शहर की रामलीला की परंपरा को भी बदल दिया। लगातार हो रही बारिश के चलते अति प्राचीन रामलीला कमेटी, हरिशंकरी ने विजयादशमी के अगले दिन होने वाले श्रीराम-भरत मिलन का मंचन तो नहीं रोका, लेकिन बारिश के चलते परंपरा में आमूल चूल तब्दीली जरूर कर दी। इसके तहत भरत अपने बड़े भाई श्रीराम से मिलने के लिए रथ पर नहीं कार में सवार होकर गए।कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी बच्चा ने बताया कि बारिश के चलते भरत मिलाप का कार्यक्रम संक्षिप्त कर दिया गया। बताया कि बारिश में रथ के भीगने और उसमें करंट प्रवाहित होने की आशंकाओं को देखते हुए कमेटी ने निर्णय लिया कि भरत मिलाप का कार्यक्रम रथ की बजाय कार में कराया जाए। इसके तहत हरिशंकरी स्थित रामलीला मंच से भरत को कार में लाकर सकलेनाबाद में श्रीराम से भरत मिलाया गया। उन्होंने बताया कि वंदे वाणी विनायकौ आदर्श श्री रामलीला मंडल के कलाकारों द्वारा लीला के तहत रावण वध की सूचना और सीता, लक्ष्मण समेत श्रीराम के अयोध्या आगमन का मंचन किया गया। इसकी जानकारी होते ही भरत अपने भाई से मिलने पहुंचे।
भरत मिलाप का कार्यक्रम स्थगित-देवकली। श्रीरामलीला समिति देवकली द्वारा भरत मिलाप का कार्यक्रम बरसात होने के कारण स्थगित कर दिया गया। यह जानकारी समिति के अध्यक्ष प्रभुनाथ पांडेय व प्रबंधक अर्जुन पांडेय ने संयुक्त रूप से दी।