डांडी कला गांव में भाजपा के जन चौपाल में बोलते भाजपा नेता अभिवन सिन्हा। स्रोत- भाजपा
भड़सर। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को डांडी कला में भाजपा की की ओर से जनचौपाल का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि युवा भाजपा नेता अभिनव सिन्हा ने कहा कि 2014 से पहले केंद्र की सरकार भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी रहती थी। वहीं प्रदेश में 2012 से पहले हत्या, दुष्कर्म और अपराध की घटनाओं को लेकर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठते थे और राजनीति व्यवसाय बन गई थी।
अभिनव ने कहा कि अब वक्त बदल चुका है। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार सिस्टम तथा आम जनमानस के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें उनके किए की सजा दिलाने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की छवि बदली है और विकास को नई दिशा मिली है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना से सरकार काम कर रही है। उन्होंने वर्ष 2017 से पहले और उसके बाद की प्रदेश सरकार के कार्यों की तुलना करने का आह्वान किया। कहा कि उत्तर प्रदेश में मोबाइल निर्माण से लेकर ब्रह्मोस जैसी अत्याधुनिक मिसाइलों के निर्माण तक प्रदेश नई पहचान बना रहा है। संकठा प्रसाद मिश्र ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है। इस मौके पर शशिकांत शर्मा, अनिल राजभर, मन्नू राजभर, गोपाल पांडेय, अभिनव सिंह आदि मौजूद रहे।