उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा जिले के 27 परीक्षा केंद्रों पर एक जून को होगी। इसमें 12299 अभ्यर्थी बैठेंगे।
इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से कुल 13 केंद्र प्रतिनिधि (सेक्टर मजिस्ट्रेट) एवं 27 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। दो पालियों में होने वाली परीक्षा के लिए नोडल पूर्वांचल विश्वविद्यालय की ओर से 54 पर्यवेक्षक नामित किए गए हैं।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की ओर से लगातार तीसरी बार बीएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। पहली पाली में सुबह 9 से 12 बजे तक और दूसरी पाली में 2 से 5 बजे तक परीक्षा होगी। परीक्षा कक्ष में दोनों तरफ से सीसीटीवी कैमरे, डिस्प्ले बोर्ड, वॉयस रिकॉर्डिंग तथा वेब कास्टिंग की भी व्यवस्था रहेगी।
परीक्षा के दौरान सभी परीक्षार्थियों की तलाशी सुरक्षा एजेंसियों की ओर से ली जाएगी। अभ्यर्थियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक मशीन से सुनिश्चित की जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान दो प्रवेश पत्र लाने होंगे। एक प्रवेश पत्र को अपनी आवेदन की फोटो पर चस्पा कर कक्ष निरीक्षक के पास जमा करना होगा। अभ्यर्थियों को अपने साथ एक वैध परिचय पत्र भी रखना होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्रा, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद के साथ-साथ पूर्वांचल विश्वविद्यालय की ओर से नामित डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर नोडल डॉ. शिवकुमार एवं क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी वाराणसी की तरफ से नामित डिप्टी नोडल अधिकारी प्रो. विजय कुमार राय की टीम परीक्षा सकुशल संपन्न कराने में लगी हुई है।
सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। परीक्षा से संबंधित तैयारी के लिए जिला स्तर पर 30 मई को एक बैठक अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होगी।