प्रधान एवं सदस्य पद के लिए दूसरे चरण में कराया गया मतदान मंगलवार को हिंसक घटनाओं के बीच संपन्न हो गया। इस दौरान भदौरा ब्लाक के रक्सहां गांव में फर्जी मतदान को लेकर प्रत्याशी एवं समर्थकों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले।
मारपीट और पथराव में दर्जन भर लोग घायल हो गए। मतपत्र फाड़ने और मतपेटी में पानी डालने की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने यहां का चुनाव निरस्त कर दिया। इसके अलावा कई अन्य जगहों पर भी फर्जी
मतदान को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के बीच झड़प और मारपीट की घटना हुई। मारपीट और पथराव के बीच संपन्न इस चुनाव में सभी चार ब्लाकों में 65.3 फीसदी लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया।
\
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में सदर, जमानिया, रेवतीपुर और भदौरा विकासखंड में प्रधान और सदस्य पद के लिए आज मतदान कराया गया। सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही बूथों पर मतदाताओं की कतार लग गई। जैसे-जैसे दिन बीतता
गया मतदान में तेजी आती गई। जमानिया संवाददाता के अनुसार, चक मेदिनी नंबर-1 में विवाद कर रहे लोगों को पुलिस पकड़कर कोतवाली ले आई। वहीं रामपुर सलेमपुर में चुनाव के बाद कुछ लोग मतदान स्थल पर पहुंचे और नारेबाजी की।
फुल्ली में कुछ देरी से मतदान शुरू हुआ। रेवतीपुर संवाददाता के अनुसार, बेमुआ में मतपत्र पर एक प्रत्याशी का चुनाव चिन्ह न होने पर संबंधित प्रत्याशी के आपत्ति जताने पर काफी देर तक मतदान रुका रहा। बाद में नए मतपत्र एवं
मतपेटी के द्वारा मतदान शुरू हुआ। कई अन्य जगहों पर भी प्रत्याशी और उनके समर्थकों बीच फर्जी मतदान को लेकर झड़प और मारपीट हुई। मतदान में सभी चार ब्लाकों में 65.31 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। शाम साढ़े सात बजे
कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, सदर ब्लाक में 70.2 फीसदी मतदान हुआ। भदौरा ब्लाक में 60.50 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले। जमानिया में 68 फीसदी लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। रेवतीपुर में 64.75 प्रतिशत लोगों ने
मतदान किया। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रेक्षक विजय बहादुर सिंह, जिलाधिकारी डा. अशोक चन्द्र, पुलिस अधीक्षक रामकिशोर के अलावा उप जिला निर्वाचन अधिकारी-मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय आदि
अधिकारियों ने विभिन्न विकासखंडों में मतदान स्थलों का निरीक्षण कर मतदान का जायजा लिया।