प्रधान और ग्राम सभा सदस्य के लिए मंगलवार को हो रहे मतदान के दौरान भदौरा ब्लाक के रक्सहां स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या-222 पर फर्जी वोटिंग को लेकर दो प्रत्याशियों के समर्थकों में जमकर मारपीट हुई। दोनों
तरफ से पथराव भी हुआ। इस दौरान समर्थकों ने कन्या प्राथमिक विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय और जूनियर हाईस्कूल मतदान केंद्र में घुसकर कई मतपत्रों को फाड़ दिया और मतपेटी में पानी डाल दिया। तोड़फोड़ भी की और कुर्सियां और
मतपेटिकाएं बाहर फेंक दी गईं। पीठासीन अधिकारी और एक दरोगा को भी मारापीटा गया। मारपीट में करीब एक दर्जन समर्थक चोटिल हो गए। जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले को शांत कराया।
जिलाधिकारी डॉ. अशोक चंद्र ने तीनों मतदान केंद्रों के 11 बूथों पर हुए मतदान को निरस्त कर दिया है। इन बूथों का पुनर्मतदान 5 दिसंबर को होगा। इस मामले में पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।
रक्सहां गांव स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या-222 पर फर्जी मतदान को लेकर दो प्रत्याशियों के समर्थकों में मतदान के दौरान सुबह करीब नौ बजे कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते मामला बिगड़ गया और दोनों पक्षों के लोग
लामबंद होकर आमने-सामने हो गए और लाठी-डंडा के साथ ही पत्थर चलने लगा। मारपीट शुरू होते ही मतदान केंद्र पर अफरातफरी मच गई लोग इधर-उधर भागने लगे। नाराज समर्थक बारी-बारी से कन्या प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या
220, 221, 222, प्राथमिक विद्यालय के बूथ 216, 217, 218, 219 और जूनियर हाईस्कूल के बूथ संख्या 223, 224, 225 तथा 226 में घुसकर तोड़फोड़ की। उपद्रवियों ने मतपेटी में पानी डाल दिया और उसे बाहर फेंक दिया। विरोध करने पर
पीठासीन अधिकारी अरविंद कुमार और दारोगा बृजेश त्रिपाठी को मारापीटा। यह देख वहां मौजूद कर्मचारी सहित पुलिसकर्मी सहम गए और छत पर चले गए। मारपीट शुरू होते ही मतदान करने के लिए लाइन में खड़े मतदाता भी
इधर-उधर भाग खड़े हुए। करीब 45 मिनट तक समर्थक मतदान केंद्रों पर उत्पात मचाते रहे और लाठी-डंडे चलता रहा। घटना की जानकारी होते ही जिलाधिकारी डॉ. अशोक चंद्र, पुलिस अधीक्षक रामकिशोर, सीओ वेदप्रकाश सिंह कई थानों की
पुलिस मौके पर पहुंच गई। बावजूद इसके समर्थक बूथों के आसपास डटे रहे। जब पुलिस बड़ा बवाल होने की आशंका के चलते लाठियां पटकर बवाल कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। जिलाधिकारी और एसपी ने बूथों में जाकर मतदान कर्मियों से
घटना की जानकारी ली। बाकर फेंके गए मत पेटियों को अंदर कराया गया। मारपीट में दोनों पक्षों के सदरे आलम, सरफराज, तौफिक, वकील, इफ्तेहार, अकबर, भोलू, जुल्फेकार, राज, हैदर, सुहेल सहित करीब एक दर्जन लोग चोटिल हो
गए। घटना के बाद कर्मचारी मतदान सामग्री लेकर बूथों से पुलिस के साथ वापस लौट आए। दो मतपेटी नहीं नहीं मिली थी और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी ब्लाक के चित्रकोनी, सरैला, बहुअरा, ताजपुर कुर्रा में फर्जी मतदान को
लेकर प्रत्याशी समर्थकों में हल्ली झड़प हुई, लेकिन वहां मौजूद पुलिस ने मामले को संभाल लिया। जमानिया ब्लाक के ताजपुर माझा गांव के मतदान केंद्र पर मतदान समाप्त होने के बाद कुछ लोगों एक प्रत्याशी समर्थक बबलू राय को
लाठी-डंडे से मारकर घायल कर दिया। उसका उपचार सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पर कराया गया। इस मामले में उसने कोतवाली में तहरीर दिया है।