देवकली। क्षेत्र के पहाड़पुर स्थित यूबीआई शाखा का कामकाज तीन माह से ठप पड़ा हुआ है। वजह नेटवर्क खराब होने से खाताधारकों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद मुख्य शाखा के उच्च अधिकारी मौन हैं। करीब तीन माह से पहाड़पुर यूबीआई का कामकाज खराब नेटवर्क के चलते पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। खाताधारकों को हो रही परेेशानी को देखते हुए बैंक की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। ऐसे में खाताधारकों का कहना है कि किस तकनीकी कमी के कारण इस तरह की स्थितियां बनी है, इसको कोई बतलाने वाला नहीं है। अगर बैंक नेटवर्क की तकनीकी गड़बड़ी को ठीक कराने में विफल हो चुका है तो ब्रांच को बंदकर खाता धारकों को दूसरे शाखा में स्थानांतरित कर देना चाहिए। स्थिति तो यह है आए दिन बैंक कर्मचारियों व खाताधारकों से कहासुनी हो रही है और बैंक में तैनात कर्मचारी पियरी शाखा में जाकर कार्य कर रहे हैं। तकनीकी रूप से खराब पड़ा नेटवर्क कब तक ठीक होगा, इसका किसी के पास कोई जवाब नहीं है।
शाखा प्रबंधक शिवचंद चौधरी ने बताया नेटवर्क की तकनीकी गड़बड़ी दूर करने के लिए प्रयास जारी है। आए दिन टेक्निशियन ठीक कर रहे हैं, लेकिन कुछ समय चलने के बाद नेटवर्क पुन: गायब हो जाता है।