गाजीपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अति संवदेनशील एवं संवेदनशील मतदान केंद्रों की सूची तैयार करने के लिए नौ जनवरी तक का समय निर्धारित किया गया है। इसके लिए डीएम ने तहसीलवार टीम का गठन कर दिया है। टीम में एसडीएम को जहां अध्यक्ष, सीओ को उपाध्यक्ष एवं तहसीलदार को सचिव बनाया गया है। कहा है कि निर्धारित समय तक सूची की हार्डकापी एवं सीडी विकास भवन स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा कर दिया जाए। डीएम एमपी सिंह ने बताया कि उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों और स्थलों की सूची तैयार की जानी है। इसमें उस तहसील के एसडीएम अध्यक्ष, पुलिस क्षेत्राधिकारी उपाध्यक्ष, तहसीलदार सदस्य/सचिव, तहसील से संबंधित खंड विकास अधिकारी सदस्य एवं तहसील से संबंधित थाना अध्यक्ष को सदस्य नामित किया गया है। गठित समिति के अध्यक्ष व सदस्य अपने-अपने क्षेत्र में आने वाले विकास खंडों के ग्राम पंचायतों में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने के लिए मतदान केंद्रों व स्थलों के सामान्य, संवेदनशील एवं अति संवेदनशीलता के चिन्हीकरण का कार्य नौ जनवरी तक पूर्ण कर लें। इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।साथ ही एसडीएम अपनी अध्यक्षता में समिति के सदस्यों की एक बैठक तत्काल करा लें।