गाजीपुर। चार लेबर कोड व निजीकरण के विरोध में बैंककर्मियों का गुस्सा बृहस्पतिवार को फूट पड़ा। वह पूरे दिन हड़ताल पर रहे। बैंककर्मियों ने महुआबाग स्थित यूनियन बैंक व विशेश्वरगंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक पर इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करके विरोध किया। जिला संयोजक यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस एवं यूपी बैंक इम्प्लाइज यूनियन के जिला मंत्री सत्येंद्र गुप्ता ने कहा कि हड़ताल के कारण जिले में करीब 180 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ।
उन्होंने कहा कि श्रमिक अधिकारों पर कुठाराघात किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। चारों लेबर कोड मजदूर वर्ग के अधिकारों पर सीधा हमला है। बैंककर्मी अपने अधिकारों की बलि नहीं चढ़ने देंगे और हर अन्याय का मुंहतोड़ जवाब देंगे। यूनियन बैंक स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि सरकार की नीतियां मेहनतकश कर्मचारियों और आम जनता के हितों के विरुद्ध हैं। श्रमिक विरोधी श्रम संहिताएँ लागू कर श्रमिकों के अधिकार छीने जा रहे हैं तथा सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और बीमा संस्थानों का निजीकरण कर रोजगार के अवसरों को समाप्त किया जा रहा है। इस मौके पर बैंक ऑफ इंडिया के जिला मंत्री राम जी, जितेंद्र शर्मा, कमलेश सिंह, अशोक कुमार, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।
यह है बैंककर्मियों की प्रमुख मांगें -
- श्रमिक विरोधी श्रम संहिताओं को तत्काल वापस लिया जाए।
- बैंकों, एलआईसी एवं जीआईसी में निजीकरण एवं विनिवेश पर रोक लगाई जाए।
- आईडीबीआई बैंक की बिक्री रोकी जाए।
-बीमा क्षेत्र में 100% एफडीआई बढ़ोतरी को वापस लिया जाए।
जनपद में बैंकों की संख्या - 12
शाखाएं - 350
एटीएम - 400
बैंकों पर लटके ताले, तो एटीएम रहे खाली
सुबह 10 बजे के बाद लोग बैंक पहुंचे तो बैकों पर ताले लटके मिले। लेन-देने के लिए लोग एटीएम गए। वहां पर एटीएम खाली मिले। पूरे दिन लोग एक एटीएम से दूसरे एटीएम का चक्कर काटते रहे। लेकिन, सफलता नहीं मिली। हर एटीएम ने कैश खत्म होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इंश्योरेंस इंप्लाइज एसोसिएशन ने भी भरी हुंकार
जखनिया। वाराणसी डिविजनल इंश्योरेंस इंप्लाइज एसोसिएशन के आह्वान पर एलआईसी की सैदपुर शाखा में क्लास–3 कैडर के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को हड़ताल की। इसके चलते शाखा का कामकाज प्रभावित रहा और कई नियमित कार्य नहीं हो सके। इस मौके पर ममता गुप्ता, लालबहादुर कश्यप, पंकज, साक्षी, भारती, रोहित गुप्ता, मोहित मिश्रा, पवन आदि कर्मचारी मौजूद थे। संवाद