गाजीपुर। शहर के पुलिस लाइन क्रिकेट ग्राउंड में अंडर-19 इंटर डिस्ट्रिक्ट ट्रायल का पांचवां और अंतिम मैच मऊ तथा आजमगढ़ के बीच रविवार को खेला गया। इसमें आजमगढ़ ने प्रिंस सोनी के अर्द्ध शतक की बदौलत 36 रन से जीत दर्ज की।
मऊ ने टॉस जीतकर आजमगढ़ को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। पहले खेलते हुए आजमगढ़ ने प्रिंस सोनी के नाबाद 63 एवं यशवर्धन के 53 रनों के सहयोग से 229 रन बनाए। मऊ की तरफ से शिवांश एवं जीशान ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में मऊ की टीम जीशान के 52 तथा रुद्रांश के 46 रनों की मदद से 193 रन ही बना पाई। आजमगढ़ की तरफ से आदित्य यादव, युवराज और आदेश पांडेय ने 2-2 विकेट लिया। संपूर्ण मैच के दौरान उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के वरिष्ठ चयनकर्ता कमलकांत कनौजिया, अंपायर अनुराग राठौर, सतीश पांडेय एवं स्कोरर अनिरुद्ध प्रकाश सिंह मैदान पर उपस्थित थे। शृंखला समाप्त होने के बाद गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (जीडीसीए) की तरफ से यूपीसीए से आए सभी अधिकारियों का सम्मान किया गया। जीडीसीए के चेयरमैन तथा यूपीसीए की यूपी टी-20 के को-चेयरमैन एवं गवर्निंग कौंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह ने बताया कि इंटर डिस्ट्रिक्ट ट्रायल में किए गए खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर मंडल टीम में प्रतिभावान खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने अंडर-19 के इंटर डिस्ट्रिक्ट ट्रायल के सफल आयोजन के लिए जीडीसीए के अध्यक्ष शाश्वत सिंह, वैभव सिंह, रंजन सिंह, स्मृति राय आदि की प्रशंसा की।