भितरी में बाबा पंजाबी शाह के मजार पर चादर चढ़ाते प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री
देवकली। मुस्लिम समाज के वोटों के दम पर राजनीतिक पहचान व मंत्री पद हासिल करने वाले आजम खान ने उसी समाज के साथ बेवफाई की। यह बातें प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण, वक्फ एवं हज विभाग के राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने शनिवार को भितरी में कहीं।
उन्होंने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के संबंध में आरोप लगाया कि आजम खान ने इसे शिक्षा का केंद्र बनाने के बजाए अपनी कमाई का जरिया बना लिया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर तंज कसते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही समाजवादी पार्टी के नेता अपने एसी कमरों से बाहर निकलकर जनता के बीच पहुंचने का दिखावा करने लगते हैं। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि विपक्ष के किसी भी गठबंधन का असर नहीं होगा और वर्ष 2027 में भी प्रदेश में योगी-मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार ही बनेगी। इसके पूर्व उन्होंने ऐतिहासिक स्थल भितरी का दौरा किया।
इस दौरान सूफी संत बाबा पंजाबी शाह की मजार पर चादरपोशी की। साथ ही सम्राट स्कंदगुप्त की लाट का निरीक्षण करते हुए जीर्णोद्धार का आश्वासन दिया। इस मौके पर पूर्व विधायक शिवपूजन राम, अखिलेश कुशवाहा, दयाशंकर पांडेय, प्रवीण त्रिपाठी, आशु दुबे आदि मौजूद रहे।