रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि आगामी एक वर्ष के भीतर औडि़हार से भटनी तक रेलमार्ग का दोहरी एवं विद्युतीकरण होगा। रेलमार्ग पर पड़ने वाले हुरमुजपुर हाल्ट और माहपुर स्टेशन का भी विकास किया जाएगा। सादात स्टेशन
पर अभी तक आठ जोड़ी ट्रेनों का ठहराव है जिसे बढ़ाकर 12 किया जाएगा। इस ट्रेन के संचालन से मऊ-इलाहाबाद सिटी के बीच द्रुतगामी अंतर नगरीय सेवा की सुविधा भी उपलब्ध हो गई। यह बातें उन्होंने मंगलवार को स्थानीय स्टेशन पर
मऊ-इलाहाबाद नई डेमू सवारी गाड़ी को हरी झंडी दिखाने से पूर्व उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि मऊ-औडि़हार रेल खंड पर स्थित यह स्टेशन ई-श्रेणी का है। इसके स्तर में भविष्य में सुधार किया
जाएगा। स्टेशन पर दो बुकिंग विंडो है। इसकी संख्या बढ़ाई जाएगी ताकि यात्रियों को ट्रेन के आने के समय असुविधा का सामना न करना पड़े। गाजीपुर और मऊ में वाशिंग पिट की सुविधा न होने के कारण लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन यहां
से नहीं हो पा रहा है। अगले एक वर्ष में दोनों जगहों पर वाशिंग पिट का निर्माण हो जाएगा। इन दोनों स्थानों से दिल्ली, मुंबई आदि जगहों के लिए ट्रेनें चलाई जाएंगी। रेल राज्य मंत्री ने जैसे ही ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, यात्री खुशी से झूम उठे।
इस अवसर पर राज्यसभा के सांसद सालिम अंसारी, विधान परिषद सदस्य केदारनाथ सिंह, विजय यादव, पूर्व एमएलसी प्रो. बाबूलाल बलवंत, विरेन्द्र प्रताप सिंह, भानुप्रताप सिंह, शिवानंद सिंह, विपिन सिंह, अनिल पांडेय, गजराज सिंह,
प्रभुनाथ चौहान, राजेश सोनकर आदि उपस्थित थे। इसके अलावा मंडल रेल प्रबंधक सतीश के कश्यप, सीनियर डीईएन-2 राहुल श्रीवास्तव, चीफ कामर्शियल मैनेजर एसी लाखे, सीनियर डीसीएम पीसी जायसवाल, मानवेन्द्र सिंह, ज्ञानदत्त पांडेय,
आरपी निदारिया, प्रदीप कुमार, स्टेशन मास्टर राजनारायण, मधुकर सिन्हा, सलामतुल्लाह अहमद, संतोष चौहान आदि भी मौजूद थे। इससे पहले पूर्व रेलवे मऊ की स्काउट-गाइड की टीम ने रेल राज्यमंत्री का स्वागत किया।
मऊ से इलाहाबाद के लिए मंगलवार से संचालित आठ डिब्बों की ट्रेन में तमाम यात्री सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसमें 696 यात्रियों के बैठने की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा 2296 यात्री एक साथ यात्रा कर सकते हैं। सभी डिब्बों में प्रसाधन की सुविधा है। ट्रेन में दोनों तरफ इंजन की सुविधा है। उद्घाटन के दिन ट्रेन 18 मिनट विलंब से रवाना हुई।
मऊ से इलाहाबाद के लिए चलने वाली डेमू सवारी गाड़ी के शुभारंभ के मौके पर स्थानीय रेलवे स्टेशन से पहले दिन 57 टिकटों की बिक्री की गई। इससे 1030 की रेलवे को आमदनी हुई। प्रधान वाणिज्य लिपिक सलामतुल्लाह अहमद और संतोष चौहान ने बताया कि इसमें 8 टिकट इलाहाबाद सिटी के लिए तथा वाराणसी, सारनाथ, औडि़हार और माहपुर के लिए बिके।
मऊ से इलाहाबाद के लिए मंगलवार से चली डेमू सवारी गाड़ी लाल और नीले रंग की है। उद्घाटन केे चलते आज ट्रेन को दुल्हन की तरह सजाया गया था। स्थानीय नागरिकों ने गुब्बारा के साथ ही फूल-माला से लाद दिया था। बोगियों पर थर्माकोल से आकर्षक आकृति बनाई गई थी। औडि़हार से ट्रेन को सादात स्टेेशन पर आता देख उत्साहित लोग जयघोष करने लगे।
औडि़हार जंक्शन पर आरपीएफ स्टाफ ने देवराज समिति की रिपोर्ट के खिलाफ मंगलवार को काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के सादात स्टेशन पर इलाहाबाद-मऊ डीएमयू सवारी गाड़ी के उद्घाटन समारोह में भी
रेलवे सुरक्षा बल के विभिन्न पदों पर कार्यरत कर्मियों ने काला फीता बांधकर विरोध जताया। जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल यूनियन के पोस्ट मंत्री हरेन्द्र यादव ने कहा कि देवराज समिति की रिपोर्ट कर्मचारी हितों की उपेक्षा करती है। इस रिपोर्ट के खिलाफ यूनियन आरपार की लड़ाई लड़ेगा।
सादात से उद्घाटित मऊ-इलाहाबाद डीएमयू सवारी गाड़ी का औडि़हार जंक्शन पर क्षेत्रीय लोगों ने मंगलवार को स्वागत किया। समाजसेवी मनीष तिवारी के नेतृत्व में दर्जनों युवकों एवं स्थानीय लोगों ने डीएमयू के चालक दल एवं गार्ड सहित यात्रियों का माल्यार्पण एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर मनीष तिवारी ने कहा कि रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के प्रयास से चली इस डीएमयू ट्रेन से यात्री सुविधाओं में बढ़ोत्तरी के साथ क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। इस अवसर पर औडि़हार के ग्राम प्रधान राजन सिंह,
अमित वर्मा, दीपराज सिंह, मनमोहन यादव, अवनीश बर्नवाल, राजू राजभर, अनीस तिवारी, हरिलाल यादव, वंशराज कुशवाहा, शुभम जायसवाल, शुभम मोदनवाल, राहुल नारायण सिंह, सरोज सिंह, धर्मेन्द्र मोदनवाल, काशीनाथ यादव, भरत मौर्य, जयप्रकाश कुशवाहा, पंकज यादव आदि मौजूद थे।
मऊ से इलाहाबाद तक चलने वाली सवारी गाड़ी डेमू मऊ से दिन के 1:15 बजे चलकर इलाहाबाद रात 7:30 बजे पहुंचेगी। मऊ से चलकर यह ट्रेन सादात स्टेशन पर दिन के 2:07 बजे पहुंचेगी। इलाहाबाद से यह सुबह 6:20 बजे चलेगी।