नेहरू युवा केंद्र की ओर से आयोजित राष्ट्रीय पुनर्जागरण अभियान के अंतर्गत आरटीआई सभागार में आयोजित सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर गुरुवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिन वाराणसी के विनोद यादव एवं साथियों ने स्वच्छता पर गीत तथा सत्यभामा और उनके साथियों की तरफ से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पर प्रस्तुत की गई एकांकी को लोगों ने खूब सराहा।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नरेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि बदलाव के लिए बहुत बड़े-बड़े कदम उठाने की जरूरत नहीं है। छोटे-छोटे कार्य ही बदलाव लाएंगे। स्वच्छता एवं मतदान के संबंध में कहा कि दुनिया के तमाम देश जो हमसे पीछे हैं उन्होंने स्वच्छता के मोर्चे पर अच्छा कार्य किया है। कोई भी गांव केवल सरकारी योजना से स्वच्छ नहीं हो सकता है वहां जनसहभागिता की जरूरत है। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि हमारा पर्यावरण ठीक होता तभी हम स्वस्थ होंगे। पर्यावरण का मतलब केवल पेड़ से ही नहीं बल्कि जीव-जंतुओं से भी है। इससे पहले केन्द्र के युवा समन्वयक समरबहादुर सिंह ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
उन्होंने बताया कि पुर्नजागरण यात्रा का शुभारंभ 15 जून से जिला मुख्यालय से तीनों रथों को रवाना कर किया जाएगा। तीनों रथ सौ गांवों का भ्रमण कर जिला मुख्यालय पर पहुंचेंगे। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी राकेश कुमार पांडेय, उपायुक्त मनरेगा अनय मिश्र, केआर वर्मा, शमीम सिद्दीकी, ईश्वरचन्द्र, उमेश श्रीवास्तव, अंगद सिंह यादव, पंकज कुमार सिंह, रामसिंहासन चौहान, ऋषिकेश सिंह, नागेन्द्र सिंह आदि
उपस्थित थे। कार्यक्रम के आयोजन में वेलफेयर क्लब के अध्यक्ष डा. शरद वर्मा और सिद्धार्थ मालवीय का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन सहायक नोडल अधिकारी सुभाषचन्द्र प्रसाद तथा आभार जिला पंचायतराज अधिकारी राजेन्द्र प्रकाश ने व्यक्त किया।