बलिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से रविवार को गंगा बहुद्देशीय सभागार में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिल कुमार झा ने किया। बाबा रामदल राजेन्द्र सिंह लॉ-कालेज की छात्रा स्नेहा शर्मा ने सरस्वती वंदना और कुमारी सीमा भारती ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया, जिनमें केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जा रही थी।
जनपद न्यायाधीश ने कहा कि जागरूकता ही अधिकारों की प्राप्ति की कुंजी है। जब तक लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी नहीं होगी, तब तक वे अपने अधिकारों के लिए मांग नहीं कर पाएंगे। सभी विभागों की योजनाओं की जानकारी लेकर लोग स्वयं को सशक्त बना सकते हैं। समय सीमा के भीतर संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी एमपी सिंह ने कहा कि स्टॉल अत्यंत ज्ञानवर्धक हैं। सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती मौत को देखते हुए सरकार ने रहबीर योजना लागू की है। इसके तहत दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाता है। चिकित्सा विभाग की जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने वाली गरीब महिलाओं को जच्चा-बच्चा की सुरक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत 45 दिनों के भीतर आवेदन करने पर पांच लाख रुपये तक का बीमा लाभ दिया जाता है। अपील की कि वे इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
लाभार्थियों को बांटे प्रमाण पत्र और चेक
मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के दौरान योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। राजस्व, श्रम, पंचायती राज, जिला विकास, पुलिस, स्वास्थ्य, कृषि, विद्युत, समाज कल्याण, जिला प्रोवेशन, नगर पालिका परिषद, जनशक्ति विभाग सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार उत्पीड़न के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। हीरालाल, अशोक कुमार गौतम, मनोज कुमार और सुशीला देवी को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस मौके पर एसपी ओमवीर सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, एडीएम अनिल कुमार, सीएमओ डॉ. विजय यादव, अपर जनपद न्यायाधीश पुनीत कुमार गुप्ता, न्यायिक अधिकारी संजीव कुमार तिवारी आदि मौजूद रहे थे।