दिलदारनगर। नगसर थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव स्थित लबे सड़क रविवार की देर रात एक दबंग युवक लोडेड रिवाल्वर और तमंचा लेकर लहराने लगा। यह देख ग्रामीण भयभीत हो घर में छुप गए। साथ ही घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने उसे दबोच लिया और थाने ले जाने लगी। इसी बीच युवक के घर वालों ने पुलिस पर धावा बोल दिया। उक्त घटना में तीन पुलिस कर्मी मामूली रूप से घायल हो गए। इस बीच मौका पाकर आरोपी पुलिस की चंगुल से फरार हो गया। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्राधिकारी जमानिया के नेतृत्व में पांच थानों की पुुलिस मौके पर पहुंच गई और आठ लोगों को अलग-अलग स्थानों से धर-दबोचा। साथ ही नौ नामजद और दर्जनभर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी। यह कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही।
इलाके के नुरपुर गांव निवासी दबंग राजन पांडेय उर्फ झट्टू शाम करीब आठ बजे सड़क पर लोडेड रिवाल्वर और दो तमंचा लेकर लहरा रहा था। दहशत में आकर ग्रामीण घर चले गए। सूचना मिलते ही थाने के से तीन सिपाही पहुंचे और उसे हिरासत में लेकर जाने लगे। तब-तक नगसर थानाध्यक्ष रमेश कुमार भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और उसे हिरासत में लेने के साथ थाने ले जाने के लिए वाहन में बैठाने लगे। इसी बीच उसके घर और आस-पास के लोगों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इससे तीन सिपाही अनुज, सूरज और राजकिशुन घायल हो गए। मौका देख आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलते ही जमानियां सीओ सुरेश शर्मा के नेतृत्व में गहमर, दिलदारनगर, जमानियां, सुहवल, रेवतीपुर पुलिस टीम मौके पर पहुुंची और रात में ही छापेमारी करके आठ को धर दबोचा। नगसर थानाध्यक्ष की तहरीर पर आरोपी राजन पांडेय समेत नौ के खिलाफ नामजद और दर्जनों अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। अब पुलिस टीम अज्ञात को चिन्हित करने और मुख्य आरोपी को दबोचने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।