सोमवार को सिटी रेलवे स्टेशन से बलिया की तरफ जाने वाली सभी ट्रेनें सेना भर्ती में भाग लेने आए युवकों के इशारे पर बलिया तक चलीं।
11:07 बजे छपरा-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची। ट्रेन पहले से ही खचाखच भरी हुई थी। उसके रुकते ही सैकड़ों की संख्या में मौजूद बलिया के युवक ट्रेन की तरफ से दौड़ पड़े। ऐसे में जिन लोगों को ट्रेन से उतरना था वह गेट जाम होने की वजह से उतर नहीं पा रहे थे। हल्ला मचाते हुए युवक इंजन और बोगी के ऊपर सवार होने लगे। पुलिस ने किसी तरह युवकों को छत और इंजन से नीचे उतारा।
जैसे ही ट्रेन आगे बढ़ रही थी, वैसे ही युवक चेन पुलिंग कर दे रहे थे। बीस कदम की दूरी पर युवकों ने 10 बार चेनपुलिंग की। सैकड़ों युवक प्लेटफार्म से काफी दूर खड़े थे ताकि वहां ट्रेन आने पर उनके साथी ट्रेन को रोक दे और वे ट्रेन पर सवार हो सके। मालगोदाम के पास से ही चालक ने ट्रेन की रफ्तार को पूरी तरह से बढ़ा दिया।
इस पर सैकड़ों युवक ट्रेन के साथ दौड़ने लगे। रौजा रेलवे क्रासिंग के पास ट्रेन पहुंचते ही युवकों ने फिर चेनपुलिंग कर ट्रेन खड़ी कर दी और युवक सवार हो गए। कुछ इसी तरह की स्थिति स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस की भी रही। ट्रेन दोपहर 1:07 मिनट पर प्लेटफार्म संख्या पर पहुंची। रुकते ही युवकों का शोर-शराबा शुरू हो गया। सभी बोगियों के गेट पर युवकों का कब्जा हो गया। स्टेशन पहुंचे लोग किसी तरह युवकों की विनती या फिर धक्कामुक्की कर के ही उतर पाए