गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एंव इण्टरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 22 फरवरी से शुरू हो रही है। नौ मार्च तक चलने वाली इस परीक्षा में दोनों कक्षाओं के एक लाख 49 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी बैठेंगे। इनके लिए कुल 218 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसको नकलविहीन कराने के लिए नौ जोन एवं 34 सेक्टर में जिला विभाजित किया गया है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में इस वर्ष 149174 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें 74157 संस्थागत एवं 156 व्यक्तिगत सहित 74313 परीक्षार्थी हैं जिसमें 39973 बालक एवं बालिकाओं की संख्या 34340 हैं। इसी प्रकार इंटरमीडिएट में 71531 संस्थागत एवं 3330 व्यक्तिगत सहित कुल 74861 छात्र-छात्राएं बैठेंगे जिसमें बालकों की संख्या 41537 एवं 33324 बालिकाएं हैं। इस वर्ष कुल 218 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 10 राजकीय, 75 अशासकीय मान्यता प्राप्त एवं 133 मान्यता प्राप्त हैं।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए नौ जोनल मजिस्ट्रेट, 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही 10 सचल दल भी बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केन्द्रों पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। 218 केंद्र व्यवस्थापक एवं इतनी ही संख्या में वाह्य केंद्र व्यवस्थापकों की भी तैनाती की गई है। इसके अलावा सात रात्रिकालीन सचल दल भी बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में नौ मार्च तक संचालित होगी। केन्द्रों पर परीक्षा के दौरान वायस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरा संचालित रहेगा। स्ट्रांग रूम 24 घण्टे सीसी कैमरे की निगरानी में रहेगा।