गाजीपुर। वाराणसी की एंटी करप्शन टीम ने सोमवार की शाम को सादात पावर हाउस से निविदा कर्मी संप्रति सहायक लाइनमैन को पांच हजार रुपये सुविधा शुल्क लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। टीम आरोपी को पकड़कर पूछताछ में जुट गई।
आरोपी ने शिकायतकर्ता से बिजली चोरी का मुकदमा न लिखवाने व विद्युत कनेक्शन दिलवाने के लिए 5 हजार रुपये घूस मांग रहा था। एंटी करप्शन टीम निरीक्षक दिग्विजय नाथ तिवारी ने बताया कि शादियाबाद थाना के छतमा गांव निवासी शिकायतकर्ता प्रदीप कुमार ने वाराणसी एंटी करप्शन टीम कार्यालय ने प्रार्थना-पत्र दिया था।
प्रार्थना-पत्र देकर बताया कि जेई से बिजली चोरी का मुकदमा न लिखवाने व विद्युत कनेक्शन दिलवाने के नाम पांच हजार रुपये सुविधा शुल्क की मांग लाइनमैन द्वारा की गई है।
इस शिकायत पर वाराणसी एंटी करप्शन की टीम शिकायतकर्ता के साथ सादात पावर हाउस पर पहुंची। जहां से टीम ने निविदा कर्मी संप्रति सहायक लाइनमैन शहर कोतवाली के गौसपुर निवासी शिशवंत कुमार उर्फ छोटू को 5 हजार रुपये के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लाइनमैन की तैनाती सिरगिथा उपकेंद्र पर है।
एंटी करप्शन टीम निरीक्षक दिग्विजयनाथ तिवारी ने बताया कि नंदगंज थाने में शिकायतकर्ता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज करवाकर पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। नंदगंज थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायतकर्ता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्जकर आरोपी लाइनमैन को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।