जमनिया में एक दुकान से नमूने लेते अधिकारी। संवाद
- फोटो : संवाद
गाजीपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाया। सहायक आयुक्त (खाद्य) रमेश चंद्र पाण्डेय ने पांच नमूने लिए गए, 83,172 रुपये मूल्य के करीब 170 किलो रोल बतीशा और डोडा बर्फी सीज कराई। साथ ही 37 किलो मिठाई नष्ट कराई गई।
सहायक आयुक्त ने बताया कि अभियान में टडवा मुहम्मदाबाद स्थित मेसर्स श्री राधे स्वीट्स से रोल बतीशा और डोडा बर्फी के नमूने लिए गए। यहां 83 किलो रोल बतीशा व 87.5 किलो डोडा बर्फी सीज की गई, जिसका कुल मूल्य 42,625 रुपये है, जबकि 30 किलो रंगीन बूंदी लड्डू और 7 किलो डोडा बर्फी अस्वास्थ्यकर पाए जाने पर नष्ट कराई गई।
उन्होंने बताया कि कुतुबपुर कासिमाबाद स्थित मानस ट्रेडिंग कंपनी से 30,680 रुपये मूल्य का 80.6 लीटर मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल सीज किया गया। जमानिया स्टेशन रोड स्थित गुप्ता किराना से 9,867 रुपये मूल्य की 299 किलो सूजी सीज की गई। जमानिया कस्बा स्थित मां वैष्णो किराना स्टोर से भी खाद्य तेल का नमूना लिया गया। नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। संवाद