गाजीपुर। पंचायत चुनाव के मतदान के दौरान बिरनो थाना क्षेत्र के नसरतपुर गांव में पुलिस पर हमला कर घायल करने और वाहनों को क्षतिग्रस्त करने के सात नामजद आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
थाना के प्रभारी निरीक्षक कृष्णकुमार सिंह ने बताया कि मतदान के दौरान नसरतपुर बूथ के बाहर खड़े लोगों को हटाने के दौरान उन्होंने पुलिस पर पथराव कर दिया था। पथराव में जहां कई पुलिस कर्मी घायल हो गए थे, वहीं तीन सरकारी वाहनों के शीशे टूट गए थे। सात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर उनकी तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार की सुबह साढ़े आठ बजे सियारामपुर चट्टी से सात नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार लोगों में थाना क्षेत्र के नसरतपुर निवासी खरभान, उदयशंकर राम, सुदर्शन यादव, अजय कुमार, प्रमोद कुमार, सोनू गुप्ता और मुकेश प्रजापति शामिल हैं।