कासिमाबाद । पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर चढ़ने के लिए एप्रोच मार्ग को लेकर जनता को निराश होने की जरूरत नहीं है । एप्रोच मार्ग के निर्माण के संबंध में बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने जानकारी देते हुए बताया कि एक पखवाड़े के अंदर एप्रोच मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
बता दें कि पूर्व में एप्रोच मार्ग की संस्तुति को निरस्त किए जाने से जनता में भारी आक्रोश था। वही शनिवार को बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने सार्वजनिक निर्माण विभाग कासिमाबाद के निरीक्षण गृह में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने का कार्यक्रम रखा था । इस बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों ने एप्रोच मार्ग के संबंध में उन्हें अवगत कराया । इसके बाद सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने तत्काल फोन से अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी से बात करते हुए इस समस्या को उठाया । सांसद को अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने फोन पर बताया कि कासिमाबाद में एप्रोच मार्ग की संस्तुति पहले से है । इसका निर्माण कार्य एक सप्ताह के अंदर एक छोटी निर्माण करने वाली कंस्ट्रक्शन कंपनी कराने जा रही है । जैसे ही सांसद महोदय ने कार्यकर्ताओं को एप्रोच मार्ग की स्वीकृति और बनने की जानकारी दिया, कार्यकर्ताओं में जोश भर गया । मालूम हो कि इधर एक मई से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर चलने वाले वाहनों से टोल टैक्स लेना प्रारंभ हो गया है । जिससे कासिमाबाद में अस्थाई रूप से पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर चढ़ने वाली व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया था । जिससे कासिमाबाद सहित बलिया, बिल्थरा रोड और बिहार के लोगों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पकड़ने के लिए कासिमाबाद से सर्विस लेन का मार्ग पकड़कर हैदरगंज में गाजीपुर मऊ मार्ग पर बने एप्रोच से चढ़ना पड़ रहा है।