गाजीपुर। भगवान परशुराम की जयंती शुक्रवार को जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में विधिवत पूजन-अर्चन कर मनाई गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पार्चन कर उन्हें नमन किया गया।
मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार शुक्रवार को यूसुफपुर रेलवे स्टेशन मार्ग पर स्थित वुडेन पार्क में विधिवत पूजन-अर्चन कर जयंती मनाई गई। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम के चित्र के सामने पंडित नारायण तिवारी ने विधिवत पूजन अर्चन कराया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्पार्चन कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर डा. ओमप्रकाश गिरी ने कहा कि पृथ्वी पर अत्याचार की वृद्धि होने पर भगवान विष्णु छठे अवतार परशुराम के रुप में पृथ्वी पर आए और शस्त्र और शास्त्र के साथ अत्याचारियों का सर्वनाश किया।
भाजपा नेता ओमप्रकाश उपाध्याय ने कहा कि भगवान परशुराम की जयंती पर हम सभी उनके चरणों में कोटिश: नमन करते हैं। इस मौके पर रामचंद्र पांडेय, पूर्व ग्राम प्रधान कृपाशंकर राय, राहुल तिवारी, गोपाल सिंह यादव, अनिरुद्ध उपाध्याय, नागेंद्र, शशि राय छोटक आदि उपस्थित थे। खानपुर संवाददाता के अनुसार सैदपुर क्षेत्र के ककरही ग्राम स्थित भगवान परशुराम मंदिर पर डॉ. इंद्रजीत पांडेय एवं भारतीय ब्राह्मण समिति के सदस्यों के नेतृत्व में जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्य यजमान पंडित गंगा पांडेय की उपस्थिति में गाइडलाइन का पालन करते हुए भगवान परशुराम को माल्यार्पण कर पूजन-अर्चन कर प्रसाद चढ़ाकर हवन किया गया। इसके बाद उपस्थित लोगों में प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर धर्मेंद्र मिश्र, सतीश तिवारी, राजकुमार पांडेय, वरुण मिश्र, गिरीश कुमार पांडेय, नारायन पांडेय, कांता प्रसाद उपस्थित थे। अंत में कार्यक्रम का समापन आरती गाकर भगवान परशुराम के जयकारा के साथ हुआ।