एसटीएफ के हाथों झारखंड में ढेर ढाई लाख के इनामी बदमाश अनुज कनाैजिया के खौफ का अंत खौफ में ही हुआ। गाजीपुर में कभी दहशत फैलाने वाले आईएस-191 गैंग के सरगना रहे मुख्तार अंसारी के इस शाॅर्प शूटर का अंतिम संस्कार गंगा के मुक्तिधाम घाट पर चिलचिलाती धूप में हुआ।
जहां उसके किशोर बड़े बेटे ने चिता को मुखाग्नि दी। बीपी बढ़ने के कारण पिता हनुमान कनाैजिया अंतिम संस्कार में नहीं शामिल हो पाए।
मऊ जिले के चिरैयाकोट थानाक्षेत्र के बहलोलपुर गांव निवासी अनुज कनाैजिया का शव घर से दोपहर करीब 12 बजे गाजीपुर स्थित श्मशान घाट लाया गया। मऊ पुुलिस शवयात्रा के साथ घाट तक गई। यहां से सीओ सिटी शेखर सेंगर, शहर कोतवाल दीनदयाल पांडेय फोर्स के साथ घाट पर पहुंचे। अंतिम संस्कार में परिवार, ससुराल, कुछ रिश्तेदार और करीबी शामिल थे, जिनकी संख्या 50 से अधिक रही। परिजनों की मदद से करीब 14 वर्षीय बेटे शिवराज शेखर ने मुखाग्नि दी। इसके बाद वह कुछ परिजनों के साथ छांव में आकर बैठ गया। अंतिम संस्कार में शामिल बेटे से लेकर परिजन तक कुछ भी बोलने को तैयार नहीं थे। सभी के चेहरे पर एक अजीब सी उदासी और डर सा बना हुआ था।