गाजीपुर। जिले के गंगा पार के इलाकों के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में नाबार्ड पोषित मद के अंतर्गत गंगा नदी के बाएं तट पर स्थित ग्राम समूह शेरपुर–सेमरा के जलालपुर में कटाव निरोधक कार्य की परियोजना के लिए 73.34 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। यह स्वीकृति सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग अनुभाग-2 लखनऊ की ओर से बीते 27 अक्टूबर को उप सचिव आलोक कुमार द्विवेदी की ओर से जारी शासनादेश के माध्यम से दी गई है। इस परियोजना का उद्देश्य गंगा के कटाव से प्रभावित हो रहे जलालपुर और आसपास के गांवों को स्थायी सुरक्षा प्रदान करना है। कटानरोधी कार्य होने से आसपास के चार गांवों के करीब 15 हजार की आबादी को कटान से सुरक्षा मिलेगी।
शासन ने धनराशि के उपयोग में वित्तीय अनुशासन का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। तकनीकी स्वीकृति, वित्तीय हस्तपुस्तिका और नाबार्ड दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि जलालपुर क्षेत्र में कटाव रोकने के लिए गंगा तट पर सुरक्षा तटबंध, पत्थर पिचिंग और नदी प्रशिक्षण कार्य कराए जाएंगे। इससे न केवल भूमि की क्षति रुकेगी, बल्कि किसानों को भी राहत मिलेगी।