पोस्टमार्टम हॉउस के बाहर मृत अंकित सिंह का चेहरा देखते रोते बिलखते परिजन। संवाद
गाजीपुर। गहमर के खेलूराय पट्टी तिहरे हत्याकांड में नामजद दस आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
वहीं, वारदात के छठवें दिन मंगलवार को पोखरे से मिले अंकित सिंह के शव का देर शाम तक पोस्टमार्टम किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक सिर पर गंभीर प्रहार से अंकित की तत्काल मौत हो गई थी।
आरोपियों ने सिर से लेकर सीने तक वार किए थे। शरीर पर पांच जगह गंभीर चोट के निशान मिले हैं। तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई गई। बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है।
24 दिसंबर की रात बर्थडे पार्टी से बाइक से घर लौट रहे तीन युवकों की जघन्य तरीके से हत्या कर दी गई थी। इसके बाद तीनों के शव पोखरे में फेंक दिए गए थे। 25 दिसंबर को खेमनराय पट्टी निवासी विक्की सिंह और बाबूराय पट्टी निवासी सौरभ सिंह के शव पोखरे से मिले थे, जबकि गोपालराय पट्टी निवासी अंकित सिंह का पता नहीं चल पाया था। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के साथ पुलिस पांच दिन तक उसकी तलाश करती रही।
इसके बाद 29 दिसंबर की शाम मल्टीपल पंप लगाकर पोखरे से पानी निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई। पोखरे का पानी कम हुआ तो 30 दिसंबर को अंकित सिंह का शव पानी टंकी के पाइप के पास फंसा मिला। शाम करीब 4.30 बजे से छह बजे तक तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक अंकित सिंह के सिर पर आरोपियों ने घातक वार किया था, जिससे उसकी तत्काल मौत हो गई थी। इसके बाद सिर से लेकर सीने तक वार किए थे।
पोस्टमार्टम हॉउस के बाहर मृत अंकित सिंह का चेहरा देखते रोते बिलखते परिजन। संवाद