सेवराई तहसील मुख्यालय के स्थानीय गांव के वार्ड नंबर 15 में बीते दो माह से बिजली आपूर्ति ठप है। संबंधित मुहल्ले के सैकड़ों ग्रामीणों ने बुधवार को बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम को शिकायती पत्र के माध्यम से बताया कि संबंधित जेई, लाइनमैन और ठेकेदार के द्वारा रोजाना टालमटोल रवैया अपनाते हुए हमें महज आश्वासन दिया जा रहा है।
आरोप लगाया कि बिजली विभाग के जेई का फोन रिसीव नहीं होता जबकि लाइनमैन तरह-तरह के बहाने बनाते हैं। विभागीय कर्मचारी मरम्मत के नाम पर लोगों से अवैध वसूली करते हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने के बावजूद विभाग द्वारा बिल भेज दिया जा रहा है। शिकायत के बावजूद जेई के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
कहा कि संबंधित ठेकेदार के द्वारा एलटी तार का केबल लगाने के नाम पर दो महीनों से बिजली आपूर्ति बाधित की गई है। लगभग 15 दिनों से केबल सड़क पर गिराकर छोड़ दिया गया है और कोई कार्य भी नहीं किया जा रहा है। मालूम हो कि बीते 8 दिसंबर को केबल तार लगाने के दौरान करंट आने के कारण एक लाइनमैन पोल से गिरकर मौत हो गई थी। तब से लेकर अब तक विभाग द्वारा केबल रोड पर ही छोड़ दिया गया है।