जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सोमवार की रात अराजकतत्वों ने संत रविदास और डा. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति क्षतिग्रस्त कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा- बुझाकर मामला शांत कराया और मूर्ति को दुरुस्त कराया। साथ ही अराजकतत्वों को चिह्नित करने के लिए छानबीन शुरू कर दी।
भांवरकोल संवाददाता के अनुसार तरांव में स्थापित संत रविदास की मूर्ति अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दी। मंगलवार को घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। साथ ही क्षतिग्रस्त मूर्ति को दुरुस्त कराया। ग्रामीणों के सहमत न होने पर ग्राम प्रधान समीर पासवान ने नई मूर्ति लगवाने का आश्वासन दिया। तब जाकर मामला शांत हुआ। थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। फिलहाल पुलिस छानबीन करने में जुटी हुई है। खानपुर संवाददाता के अनुसार तेतारपुर गांव में स्थापित डा. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दी। गांव के शुभम राम ने गांव के चार लोगों पर मूर्ति क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।