गाजीपुर। नगर पालिका परिषद की तरफ से शहर के टैक्सी स्टैंड से मालगोदाम के बीच आरसीसी सड़क और ढक्कनयुक्त नाली का निर्माण कराया जाएगा। इससे इस इलाकों में रहने वाले करीब 1500 से अधिक लोगों के साथ ही रोजवेज डिपो और सिटी रेलवे स्टेशन को जाने वाले लोगों को आवागमन के साथ ही जल जमाव से काफी सहूलियत मिलेगी।
नगर पालिका ईओ डॉ. डीके राय ने बताया कि वर्षों से टैक्सी स्टैंड और मालगोदाम बीच की सड़क और नाली जर्जर अवस्था में पहुंच गई हैं। इसकी वजह स्थानीय लोगों के साथ ही रोजाना रोडवेज बस डिपो और सिटी रेलवे स्टेशन को जाने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही खास तौर पर बारिश की दिनों में इन इलाकों में रहने वाले लोगों को जल जमाव की समस्या से भी दो चार होना पड़ता है। लोगों की इस समस्या को देखते हुए नगर पालिका की तरफ से 26.38 लाख रुपये की लागत से करीब 350 मीटर से अधिक आरसीसी सड़क और ढक्कनयुक्त नाली का निर्माण कराया जाएगा। जल्द ही इसके टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।