लौलहा गांव में मृतक बलिराम राम के रोते बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : संवाद
मौधा। खानपुर थाना क्षेत्र के आठगांवा- नायकडीह मार्ग स्थित न्यू पीएचसी के पास शुक्रवार की भोर में पानी भरे पांच फीट के गड्ढे में डूबकर लौलहा निवासी बलिराम राम (84) की मौत हो गई। ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त किया कि वृद्ध को आंखों से धुंधला दिखाई देता था, शायद इससे ही हादसा हुई है। उधर, पीडब्ल्यूडी के जेई ने कहा कि ग्रामीणों ने मिट्टी निकालकर सड़क किनारे गड्ढा बना दिया है। मिट्टी डालकर उसे पाट दिया जाएगा। खानपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि लौलहा निवासी बलिराम राम रोज की तरह भोर में परिजनों को कुछ बताए बिना ही शौच के लिए निकल गए थे। उनको दोनों आंखों से स्पष्ट नहीं दिखता था। काफी देर तक जब घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। वह अठगांवा- नायकडीह मार्ग स्थित न्यू पीएचसी के पास पानी भरे पांच फीट गड्ढे में औधे मुंह पड़े थे।
ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला लेकिन डूबने से उनकी मौत हो चुकी थी। घर के लोग रोने-बिलखने लगे। थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि बलिराम राम का इकलौता पुत्र कमलेश दिल्ली में रहकर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। पुत्र को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को मॉर्च्यूरी हाउस भेज दिया गया है। पुत्र के आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पीडब्ल्यूडी के जेई अरविंद यादव ने बताया कि सड़क किनारे घटनास्थल पर ग्रामीणों ने मिट्टी निकाल-निकाल कर गड्ढा बना दिया है। इससे उसमें पानी एकत्र हो गया है। गड्ढे में मिट्टी डालकर समतल करा दिया जाएगा।