गाजीपुर। एक दौर था, जब अपराध सड़कों व गलियों तक सीमित था, लेकिन अब फेसबुक लाइव, इंस्टाग्राम रील और व्हाट्सएप ग्रुप अपराध की नई पाठशाला बन गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जिले में ऐसे 50 गैंग हैं। इनमें 401 सदस्य और 48 गैंग लीडर हैं। इनमें सबसे अधिक 15 गैंग लीडर यादव बिरादरी से हैं। इसके अलावा छह गैंग के लीडर भूमिहार तथा चार राजभर समुदाय से संबंधित हैं, जबकि ठाकुर और मुस्लिम समुदाय के तीन-तीन तथा एक ब्राह्मण बिरादरी से गैंग लीडर चिह्नित किया गया है। वहीं, पटेल व पासवान समुदाय से एक-एक लीडर हैं। इसके अलावा करीब 16 ऐसे गैंग लीडर हैं, जिनकी सोशल मीडिया के माध्यम से जाति की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस ने एक से पांच जून तक ऑनलाइन कल्चर गैंगों की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। इस दौरान थाना स्तर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय ऐसे गैंगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की, जो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर गैंग बनाकर मारपीट, रंगदारी और सोशल मीडिया के माध्यम से आपराधिक घटनाओं का प्रचार-प्रसार करते हैं।
शेरे पूर्वांचल गैंग, यादव गैंग, हंटर गैंग, पैंथर गैंग, मूसा गैंग
पुलिस ने चिह्नित करने के दौरान पाया कि जनपद के विभिन्न इलाकों में अलग-अलग नामों से गैंग संचालित हो रहे हैं। इनमें शेरे पूर्वांचल गैंग, यादव गैंग, हंटर गैंग, पैंथर गैंग, मूसा गैंग, महाकाल गैंग, घातक 1417, 009 यदुवंशी ब्रांड, दबंग टीम गैंग, पंछी गैंग, शूटर 0777 गैंग, राधे-राधे गैंग, किंग ऑफ 9099 गैंग, कोरावीर गैंग और रावण गैंग शामिल हैं। इन गैंगों का संचालन यादव, राजभर, भूमिहार, ठाकुर, मुस्लिम, पासवान और पटेल समुदाय से जुड़े लोग कर रहे हैं। वहीं इनके सदस्यों में पंडित, मौर्य, पाल, चौधरी, कन्नौजिया और दलित वर्ग के लोग भी शामिल हैं।
ऐसे चला अभियान...
गैंग के लीडर और सदस्यों की पहचान कर सूची तैयार की गई।
गैंग की विस्तृत सदस्य सूची, मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया आईडी सूचीबद्ध की गई।
थाना स्तर पर अभिलेखों की समीक्षा कर पुराने मुकदमों को गैंग गतिविधियों से जोड़ा गया।
आप भी दे सकते हैं सूचना...
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि ऐसे किसी भी आपराधिक गैंग अथवा मनबढ़ किस्म के लोगों की सूचना मिलने पर लोग पुलिस अधिकारियों के सीयूजी नंबर, डायल-112 और पुलिस सतर्क मित्र/व्हाट्सएप बॉट नंबर 7839860411 पर जानकारी दे सकते हैं, ताकि संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। पुलिस के मुताबिक इन गैंगों द्वारा किए जाने वाले प्रमुख अपराधों में हत्या, हत्या का प्रयास, लूटपाट, मारपीट, धमकी देना, रंगदारी वसूलना, अवैध शस्त्र रखना और सार्वजनिक स्थानों पर दहशत फैलाना शामिल है।