कतर के दोहा स्थित एक होटल में 27 से 31 मई तक एशियन मास्टर्स वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। इसके लिए भारतीय टीम की घोषणा दिल्ली में की गई। प्रतियोगिता के लिए जिले को दो महत्वपूर्ण उपलब्धियां मिली हैं।
पावर लिफ्टिंग के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नेशनल रेफरी अमित राय रिंकू का भारतीय टीम के कोच के रूप में चुनाव किया गया है। जबकि यहीं के चर्चित क्रिकेटर संजीव सिंह बॉबी को टीम के मैनेजर पद की जिम्मेदारी दी गई है।
नव नियुक्त कोच अमित राय रिंकू अपने समय के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1997 में हंगरी में आयोजित जूनियर विश्व पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया था। वह वर्तमान में प्रदेश के विभिन्न खेल संघों में कई पदों की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।
गाजीपुर में विगत वर्षों में आयोजित पावर लिफ्टिंग एवं वेटलिफ्टिंग की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता भी वह सफलतापूर्वक संपन्न कर चुके हैं। पावर लिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग के क्षेत्र में उनके अनुभव, प्रतिभा और उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी इंडियन मास्टर्स वेटलिफ्टिंग संघ ने सौंपी है। साथ ही अनुभवी क्रिकेटर संजीव सिंह की उपलब्धियों एवं टीम प्रबंध के अनुभव को देखते हुए उन्हें टीम मैनेजर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह पहला अवसर है, जब एक जिले के दो खिलाड़ियों को एशियन चैंपियनशिप जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
यह न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। जिले को मिली इस उपलब्धि पर डिस्ट्रिक्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल, विनय सिंह, महेश प्रताप सिंह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अरविंद शर्मा, संजय राय, पुनीत सिंघल, डॉ. चंद्रभान चौबे, शमशेर खान, सरवर डैजी, रामप्रवेश कुशवाहा और ओलंपिक एसोसिएशन के चेयरमैन पंकज सिंह चंचल आदि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है।