गाजीपुर। सुबह छह बजे से नौ बजे के बीच शहर की बिजली 10 बार गुल हुई। रात में एसी चालू करने के बाद कंप्रेशर बनाने के पहले ही वोल्टेज से बैठ जा रही है। इसकी शिकायत भी की गई लेकिन समस्या जस की तस रही।
इससे बढ़िया तो पिछले वर्ष था। इतनी ज्यादा बिजली नहीं कटती थी। यह दर्द किसी साधारण उपभोक्ता का नहीं, बल्कि कुछ जिला स्तरीय अधिकारियों का है, जो बिजली कटौती से परेशान हैं। वहीं, बिजली निगम के अधिकारी भी आश्वासन का घूंट पिलाते दिखे।
दूसरी ओर प्रचंड गर्मी में बिजली कटौती से बेहाल उपभोक्ताओं की पीड़ा अलग है। बिजली निगम का दावा है कि नगर स्थित प्रकाश नगर बिजली उपकेंद्र का लोड तीन फीडरों में बांट दिया गया है। इससे शहरी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा लेकिन इसके बाद भी आम शहरवासियों को मनमानी बिजली कटौती से मुक्ति नहीं मिल पा रही है।
प्रकाश नगर उपकेंद्र का लोड तीन फीडरों पीरनगर, मेडिकल कॉलेज व प्रकाश नगर में बांटे जाने से वर्तमान में पीरनगर फीडर पर 180, मेडिकल कॉलेज पर 10 और प्रकाश नगर पर 336 एंपीयर का लोड है। इसके पहले पूरा लोड प्रकाश नगर बिजली उपकेंद्र पर रहता था।