सुहवल। थाना क्षेत्र के सरैया गांव में पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। गांव निवासी मुलिया देवी ने देवर रामदुलार पर मारपीट कर घायल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि पीड़िता ने तहरीर देकर जानकारी दी है कि बीते पांच मई की दोपहर करीब एक बजे वह घर पर मौजूद थीं।
इसी दौरान देवर रामदुलार पहुंचा और मारने- पीटने लगा। मारने- पीटने से पीड़िता को गंभीर चोट आईं। घटना के बाद जब वह थाना सुहवल पहुंची तो तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने थाने जाने पर फिर से मारने की धमकी दी और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। थानाध्यक कमलेश कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी रामदुलार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।