गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के चकसदर निवासी सुबोध सिंह यादव ने मकान से चोरी हुए करीब ढाई लाख रुपये के आभूषणों को लेकर अज्ञात चोरों के खिलाफ शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कराई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि, पीड़ित ने तहरीर देकर बताया कि, बीते छह मई को उसका पूरा परिवार मुहम्मदाबाद थानाक्षेत्र के सरैया गांव में मौसेरे भाई के तिलक समारोह में शामिल होने गया था। अगले दिन वापस लौटने पर मुख्य गेट पर लगा ताला गायब मिला। साथ ही उसमें रखे सोने के दो मंगलसूत्र, एक लाकेट, एक नाक की कील, एक कान का झुमका, दो झाला, एक सोने की अंगूठी और चांदी के आठ पायल व अन्य आभूषण गायब थे। इसके बाद तुरंत डॉयल 112 पर इसकी सूचना दी गयी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि, पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर मामले की छानबीन की जा रही है।