कोरोना जांच करता स्वास्थ्यकर्मी (फाइल फोटो)
- फोटो : amar ujala
राजस्थान के कोटा से गाजीपुर जिले में आए 211 छात्र-छात्राओं में से एक छात्रा की रैपिड डायग्नोस्टिक किट (आरडीपी) से जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। छात्रा का एक सैंपल जांच के लिए बीएचयू भेजा गया है। जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य ने कहा कि दूसरी रिपोर्ट आने के बाद ही कोरोना संक्रमित माना जाएगा। छात्रा को जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड में रखा गया है। इसके अलावा उस छात्रा के साथ बस में आए कुल 25 छात्रों, दो पुलिसकर्मियों और एक बस चालक को भी क्वारंटीन कर दिया गया है।
प्रदेश सरकार की पहल पर कोटा में मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे 211 छात्रों को सात बसों से गाजीपुर लाया गया था। बसें शनिवार की रात को ही आ गई तथा सभी छात्र-छात्राओं को लंका स्थित रामलीला मैरेज हाल में रोक लिया गया। रविवार सुबह सभी की नोडल अधिकारी डा. स्वतंत्र सिंह के नेतृत्व में आरडीपी किट से जांच कराई गई। इसी बीच, एक छात्रा की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई, जिससे हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में तुंरत छात्रा को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया। वहीं, इस बस में आए सभी छात्र-छात्राओं को रोक लिया गया। इस बस में आए सभी 28 लोगों को क्वारंटीन कर लिया गया है। सात बसों में आए तथा नेगेटिव पाए गए अन्य छात्रों को जरूरी निर्देश देकर घर भेज दिया गया और उन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। सीएमओ डा. जीसी मौर्या ने बताया कि प्रथम जांच में पॉजिटिव आ जाने के बाद से छात्रा को जिला अस्पताल में आइसोलेट किया गया है। उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया है, वास्तविक स्थिति का पता बीएचयू की रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा।